कोहली को संगकारा ने इशारों-इशारों में सुनाई खरी-खरी
भारतीय टीम की हार की रार थमने का नाम नहीं ले रही है। पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड,सुनील गावस्कर, फिर अंग्रेज क्रिकेटर और अब श्रीलंका के क्रिकेटर व पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने भी भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली को इशारों-इशारों में खूब खरी-खरी सुनाई है। संगकारा ने एक साक्षात्कार में कहा कि यह कहना बिलकुल सही नहीं है कि भारतीय टीम पूरी तरह से कोहली पर निर्भर करती है। यह बात अलग है कि कोहली संकट के समय अच्छा खेलने वाले अकेले बल्लेबाज हैं, यह बात उन्होंने पहले टेस्ट मैच के दौरान दिखा भी दी है। टीम इंडिया के हार के कारणों की बात करें तो उन्होंने कहा कि भारतीय टीम बिना तैयारी के ही मैच खेलने के लिए मैदान में आ गई। पुजारा, रहाणे निर्विवाद रूप से महान बल्लेबाज हैं। दोनों बल्लेबाजों को 50 का औसत है। इसके अलावा केएल राहुल,मुरली विजय,शिखर धवन और दिनेश कार्तिक नो डाउट अपने समय अपने पर बहुत ही अच्छे खिलाड़ी हैं। टेस्ट मैच सीरीज से पहले इंडिया ने सिर्फ एक ही अभ्यास मैच खेला और वह भी चार दिन की जगह तीन दिन का कर दिया गया। इस तरह से तैयारियों के बिना खेलने उतरे भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए और इसी कारण वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। संगकारा ने कहा कि पिछले 37 टेस्ट मैचों में कोहली ने हर बार नया प्लेइंग इलेवन उतारा है। उन्होंने कहा कि कभी कभी यह बदलाव अच्छा होता तो कभी कभी यह बदलाव बुरा भी होता है। टेस्ट टीम में खेलने वाला खिलाड़ी टीम में स्थाई जगह चाहता है ताकि कभी कोई गलती हो गई तो उसे दुबारा ठीक कर ले लेकिन जिस तरह से कोहली बदलाव कर रहे हैं उसका नतीजा सभी के सामने है। बदलाव का टीम के प्रदर्शन पर असर के बारे में एक सवाल के जवाब में कहा कि टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के दौरे में बदलाव किये उसका नतीजा खुद ही देखिये। आपको खिलाड़ियों को आश्वस्त करना होगा,उन पर विश्वास करना होगा और उनकी हौसलाअफजाई करनी होगी तभी प्रदर्शन अच्छा होगा। पूर्व कप्तान ने इंडियन ड्रेसिंग रूम के माहौल पर भी सवाल उठाया। कोहली बहुत एगे्रसिव रहते हैं। ठीक है मैदान और खेल में एग्रेसिव रहना उचित है लेकिन ड्रेसिंग रूम में माहौल दोस्ताना होना चाहिये। इससे किसी खिलाड़ी को कोई समस्या है अथवा टीम हित में कोई अपने विचार रखना चाहता है वह नहीं रख सकता।

Comments
Post a Comment